मुक्त विवि का 21वां दीक्षांत समारोह 17 जुलाई को
--लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी मुख्य अतिथि
प्रयागराज, 18 जून (हि.स)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज का 21वाँ दीक्षान्त समारोह 17 जुलाई को विश्वविद्यालय के अटल प्रेक्षागृह में किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी और मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपध्याय एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में रहेंगी।
समारोह में सत्र दिसम्बर 2025 एवं जून 2026 की परीक्षा के सापेक्ष दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएच.डी पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। उत्कृष्ट छात्रों को कुलाधिपति एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने गुरुवार काे बताया कि समारोह के पूर्व दीक्षोत्सव का आयोजन भी गोद लिए गांवों में बड़े पैमाने पर किया जाएगा, जिसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने दीक्षान्त समारोह आयोजन के लिए 17 कमेटियों का गठन कर दिया है। ये कमेटियां ऑडिटोरियम साज सज्जा, सुरक्षा, पंजीकरण, मेडल निर्धारण, उपाधि वितरण, अतिथि सत्कार, मंच व्यवस्था, मीडिया, अनुशासन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दीक्षोत्सव की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी।
कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया है कि समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएगी। अभी उनका पूरा ध्यान परीक्षाफल समय से घोषित करने पर केंद्रित है। इसके उपरांत जून के अंतिम सप्ताह से दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले शिक्षार्थियों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

