मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक दूसरे के हुए 202 जोड़े
- बेटियों की शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : ठाकुर रामवीर सिंह
मुरादाबाद, 29 नवंबर (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आर्केडिया ग्रीन, जीरो प्वाइंट, रामपुर रोड, मुरादाबाद में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने आज परिणय सूत्र में बंधे 202 नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। समारोह में 122 हिंदू एवं 80 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ उनके माता-पिता की चिंताओं को दूर करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी के विवाह में कोई बाधा उत्पन्न न हो और प्रत्येक बेटी का विवाह पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ संपन्न हो। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। एक ही मंच पर विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के जोड़ों का विवाह संपन्न होना सामाजिक एकता, समरसता, आपसी भाईचारे एवं सर्वधर्म सद्भाव का उत्कृष्ट उदाहरण है। विधायक ने सभी नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे नवदीप यादव, मुख्य विकास अधिकारी मुरादाबाद मृणाली अविनाश जोशी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास अधिकारी मुरादाबाद शक्ति दुबे, जिला विकास अधिकारी श्वेतांक पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेई, मंडल अध्यक्ष भाजपा नीरज चंद्रा, महेंद्र सैनी, रामकिशोर लोधी, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश सैनी, भजनलाल पाल सहित सहित नव विवाहित जोड़ों के परिजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

