मुरादाबाद परिक्षेत्र की 200 रोडवेज बसें तिगरी गंगा मेले में भरेंगी फर्राटा

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद परिक्षेत्र की 200 रोडवेज बसें तिगरी गंगा मेले में भरेंगी फर्राटा


- तिगरी गंगा मेला में इस बार 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

मुरादाबाद, 16 नवम्बर (हि.स.)। गंगा स्नान (कार्तिक पूर्णिमा) पर मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जनपद में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े तिगरी गंगा मेला में इस बार 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। मुरादाबाद परिक्षेत्र की 200 रोडवेज बसें तिगरी गंगा मेले में फर्राटा भरेंगी। इन बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को विभिन्न रूटों से तिगरी धाम तक पहुंचाया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार जरूरत पड़ने अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।

परिवहन निगम की ओर से अमरोहा, मुरादाबाद, पीतलनगरी और रामपुर डिपो की 50-50 बसों को गंगा मेले में लगाया जाएगा। धामपुर डिपो की बसें भी तिगरी गंगा मेले में संचालित की जाएंगी। पीतल नगर डिपो की 50 बसें संभल व चंदौसी से तिगरी धाम के लिए संचालित होंगी, जबकि रामपुर डिपो की बसें सीधे तिगरी धाम तक पहुंचेंगी। अन्य डिपो की बसों को भी निर्धारित रूटों पर लगाया जाएगा।

इसके लिए तिगरी में अस्थायी बस स्टैंड बनाया जा रहा है। 24 नवंबर को गंगा मेले का मुख्य स्नान होगा। इससे एक दिन पहले दीपदान का आयोजन किया जाएगा। दीपदान के दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। रोडवेज अधिकारियों का दावा है कि गंगा स्नान मेला शुरू होते ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को समय पर परिवहन सुविधा मिल सके।

मुरादाबाद डिपो की सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) राजवती ने साेमवार काे बताया कि गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया जाएगा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778283 Articles

Share this story