चिलुआताल पुलिस की तत्परता से ऑनलाइन धोखाधड़ी के 19,992 रुपये वापस, पीड़ित को मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
चिलुआताल पुलिस की तत्परता से ऑनलाइन धोखाधड़ी के 19,992 रुपये वापस, पीड़ित को मिली राहत


गोरखपुर, 02 मई (हि.स.)। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना चिलुआताल पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार एक पीड़ित की पूरी धनराशि 19,992 रुपये वापस दिला दी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चिलुआताल के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने यह सफलता हासिल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने दिनांक 23 मार्च 2026 को ऑनलाइन भुगतान करते समय गलतीवश एक अज्ञात नंबर पर यूपीआई के माध्यम से ₹19,992 ट्रांसफर कर दिए थे। इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जानकारी मिलते ही थाना चिलुआताल की साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर पूरी धनराशि को होल्ड कराया गया और अंततः 2 मई 2026 को पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिया गया।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार एवं उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द पाण्डेय की प्रमुख भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story