18 हज़ार की रिश्वत लेते वन दरोगा रंगेहाथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
18 हज़ार की रिश्वत लेते वन दरोगा रंगेहाथ गिरफ्तार


रायबरेली,11जून(हि.स.)। 18 हजार की रिश्वत लेते हुए वन दरोगा को रंगेहाथ गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है। दारोगा ने शिकायत कर्ता मो. सलमान से परमिट के नाम पर रिश्वत मांगी थी।लखनऊ से आई टीम दरोगा को गिरफ़्तार कर अपने साथ ले गई है।

जिले के बछरावां थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित वन विभाग के कार्यालय में गुरुवार की दोपहर बाद कार से आई एंटी करप्शन की टीम ने वन दारोगा संजय कुमार यादव को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता, टीम दारोगा को लेकर बछरावां थाने पहुंच गई। यह कार्यवाही हलोर गांव के निवासी मोहम्मद सलमान की शिकायत पर हुई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार वह प्रतिबंधित लकड़ी की परमिट बनवा रहे थे, जिसमें दारोगा ने दो परमिट के 18 हजार रुपये मांगे थे। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक वकील कुमार पांडेय का कहना है कि दारोगा द्वारा फास्ट फोर्स के दो परमिट के लिए प्रति परमिट नौ हजार रुपये मांगे गए थे। वन दराेगा काे रिश्वत के पैसे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है और वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल का कहना है कि एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story