कानपुर हाईवे पर 152 अतिक्रमण चिन्हित, अवैध पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर हाईवे पर 152 अतिक्रमण चिन्हित, अवैध पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी


कानपुर, 09 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क हादसों में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाईवे पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। ड्रोन सर्वे के जरिए 152 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक में दिए।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सड़क सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन की समीक्षा की गई। परियोजना निदेशक एनएचएआई पंकज यादव ने बताया कि ड्रोन एनालिटिक्स मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से हाईवे किनारे 152 अतिक्रमणों की पहचान की गई है। उन्होंने बताया कि आम नागरिक टोल फ्री नंबर 1033 और ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल एप के माध्यम से भी अतिक्रमण संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। एप पर जियो टैग्ड फोटो अपलोड करने और शिकायत की स्थिति जानने की सुविधा उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को गंभीर चिंता का विषय माना है। इसके मद्देनजर हाईवे पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित ले-बाय, पार्किंग स्थल और वे-साइड सुविधाओं तक सीमित रहेगी। सड़क किनारे अवैध पार्किंग मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित निरीक्षण और 24 घंटे गश्त की व्यवस्था की जा रही है। ब्लैक स्पॉट, टोल प्लाजा, इंटरचेंज, सर्विस रोड और प्रमुख जंक्शनों की विशेष निगरानी होगी। गश्ती दल सड़क पर खड़े खराब वाहनों, अतिक्रमण, क्षतिग्रस्त सुरक्षा अवसंरचना और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर नजर रखेगा। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक रविन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार गुप्ता, एआरटीओ कहकशां खातून समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story