मुरादाबाद में डेढ़ लाख से अधिक कांवड़ियों ने जलाभिषेक कर पूरा किया संकल्प
- सावन मास के चतुर्थ व अंतिम सोमवार पर मंदिरों में जलाभिषेक को सुबह तड़के से दोपहर तक लगी लंबी कतारें
मुरादाबाद, 24 अगस्त (हि.स.)। सावन मास के चतुर्थ व अंतिम सोमवार पर पर मुरादाबाद जनपद के प्रमुख सिद्ध पीठ मंदिरों पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों और शिव भक्तों की लंबी लाइनें सुबह तड़के से दोपहर तक लगी रही। पीतल नगरी में डेढ़ लाख से अधिक कांवड़ियों ने अंतिम सोमवार पर विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक कर अपना संकल्प पूरा किया। छोटे बड़े सभी शिवालय बम-बम भोले और हर हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव परिवार और शिवलिंग पर गंगाजल से जलाभिषेक किया व बाबा को फल, फूल, धतूरा, बेलपत्री, भांग, रोली, अक्षत्र, जेनऊ, चंदन, धूप घास, मिष्ठान इत्यादि पूजन सामग्री चढ़ा कर विधि विधान से पूजा अर्चना की।
मुरादाबाद महानगर में किसरोल स्थित अति प्राचीन सिद्ध पीठ 84 घंटा मंदिर और नागफनी स्थित झारखंडी शिव मंदिर में आज सुबह तड़के तीन बजे से कांवडियों द्वारा जलाभिषेक प्रारंभ हो गया। सुबह 6 बजे से महानगर के श्रद्धालुओं का आवागमन प्रारंभ हुआ। कांवड़ियों के द्वारा दोपहर तक जलाभिषेक का कार्यक्रम जारी रहा। वहीं, काफी संख्या में उत्तराखंड के हरिद्वार और हापुड़ जनपद के बृजघाट (गढ़ मुक्तेश्वर) से डाक कांवड़ लेकर आए भक्तों ने भी जलाभिषेक कर अपना संकल्प पूरा किया। जनपद के गांव में बने चामुंडा मंदिर, सिद्ध पीठ मंदिर और महानगर के गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में बने मंदिरों में भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं के द्वारा जलाभिषेक किया गया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

