14.32 करोड़ की पेयजल योजना से 16 हजार लोगों को मिल रहा लाभ : जिलाधिकारी
कानपुर, 24 जून (हि.स.)। शिवराजपुर नगर पंचायत की चौदह करोड़ बत्तीस लाख रुपये लागत वाली पुनर्गठित पेयजल योजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और इसके माध्यम से करीब 16 हजार लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। परियोजना की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए ओवरहेड टैंक की मजबूती का रीबाउंड हैमर टेस्ट भी कराया गया। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कही।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने शिवराजपुर नगर पंचायत पुनर्गठित पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने योजना से जुड़े विभिन्न घटकों का अवलोकन किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग चौदह करोड़ बत्तीस लाख रुपये लागत की इस परियोजना के तहत नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में घर-घर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। योजना में स्थापित छह नलकूपों में से पांच वर्तमान में पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हैं, जिनके माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओवरहेड टैंक का अवलोकन किया तथा रीबाउंड हैमर टेस्ट के जरिए टंकी के पिलरों की संरचनात्मक मजबूती की जांच कराई। परीक्षण में निर्माण गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से समाप्त किया जाए।
अधिकारियों के अनुसार परियोजना की भौतिक प्रगति 98 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। योजना के अंतर्गत 3534 घरेलू जल संयोजन दिए गए हैं, जिससे लगभग 16 हजार नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। परियोजना पूर्ण होने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जल निगम, नगर पंचायत और कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

