अस्वच्छ परिस्थितियों में बन रहे 1200 किलो पनीर और 3000 लीटर दूध काे कराया नष्ट, डेयरी सील

WhatsApp Channel Join Now
अस्वच्छ परिस्थितियों में बन रहे 1200 किलो पनीर और 3000 लीटर दूध काे कराया नष्ट, डेयरी सील


मथुरा, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार जनपद में मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छाता तहसील के अंतर्गत कोसीकलां के गोपाल बाग स्थित ‘कल्लू डेयरी’ पर आकस्मिक छापामारी की।

छापेमारी के दौरान डेयरी परिसर में बेहद अस्वास्थ्यप्रद और अस्वच्छ परिस्थितियों में पनीर का निर्माण होता पाया गया। हद तो तब हो गई जब भंडारण के लिए रखे गए दूध में भारी मात्रा में मक्खियाँ तैरती हुई मिलीं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टीम ने स्वास्थ्य के लिए हानिकारक लगभग 1200 किलोग्राम दूषित पनीर (अनुमानित मूल्य 3,36,000) और 3000 लीटर मिश्रित दूध (अनुमानित मूल्य 2,10,000) को जेसीबी से गहरा गड्ढा खुदवाकर पूरी तरह से विनष्ट करा दिया।

जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के आरोप में कल्लू डेयरी के खाद्य लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही पूरी डेयरी को सील कर वहां चल रहे निर्माण कार्य को पूरी तरह बंद करा दिया गया है। टीम ने कार्रवाई के दौरान कल्लू डेयरी से कुल 5 नमूने संग्रहित किए, जिनमें पनीर के 2 नमूने, मिश्रित दूध का 1 नमूना, घी का 1 नमूना, क्रीम का 1 नमूना शामिल है। इसके अतिरिक्त, टीम ने कोसीकलां स्थित आरएसडी डेयरी पर भी कार्रवाई करते हुए पनीर का 1 नमूना जांच के लिए लिया। इन सभी कुल 06 नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम नरेश सिंह, जितेन्द्र सिंह, अरुण राणा, धर्मेंद्र सिंह और मोहर सिंह मौजूद रहे। सहायक आयुक्त खाद्य ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story