गोरखपुर जिला कारागार में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का दिखा अनूठा संगम, 1113 बहनों ने बंदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर जिला कारागार में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का दिखा अनूठा संगम, 1113 बहनों ने बंदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी


गोरखपुर जिला कारागार में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का दिखा अनूठा संगम, 1113 बहनों ने बंदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी


गोरखपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर जिला कारागार गोरखपुर में शुक्रवार को भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। जेल प्रशासन की ओर से निरुद्ध बंदियों को अपनी बहनों से राखी बंधवाने और त्योहार की खुशियां साझा करने के लिए विशेष मुलाकात व्यवस्था की गई। पूरे जेल परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया और बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद भविष्य एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

जेल प्रशासन की ओर से मुलाकातियों की सुविधा के लिए कारागार के बाहर टेंट, कुर्सी, कूलर और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई थी। जेल के अंदर बहनों के लिए निःशुल्क राखी, मिठाई और रोली आदि उपलब्ध कराई गई, ताकि किसी भी भाई की कलाई राखी के पवित्र बंधन से अछूती न रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की ओर से अतिरिक्त महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों की भी व्यवस्था की गई।

सुबह 7:30 बजे से शाम पांच बजे तक चला मुलाकात का सिलसिला

रक्षा बंधन के अवसर पर कारागार में मुलाकात का सिलसिला सुबह करीब 7:30 बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक लगातार चलता रहा। मुलाकात कार्यक्रम कुल 10 पालियों में कराया गया। इस दौरान कुल 1408 लोगों ने जिला कारागार में पहुंचकर अपने बंदी परिजनों से मुलाकात की। इनमें 1113 महिलाएं, 271 बच्चे और 24 पुरुष शामिल रहे।

बंदियों की बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं। लंबे समय बाद भाई से मिलने पहुंची कई बहनें भावुक भी नजर आईं। इस दौरान भाइयों और बहनों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए पारिवारिक रिश्तों को मजबूती से निभाने का संकल्प लिया।

जेल प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. विनय राय के नेतृत्व में आकस्मिकता की स्थिति में चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वहीं जेल अधीक्षक डी.के. पाण्डेय और जेलर कुंज बिहारी सिंह ने जेल रेडियो के माध्यम से कारागार में निरुद्ध बंदियों को रक्षा बंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कारागार प्रशासन के अनुसार पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति, सद्भाव और सौहार्द का वातावरण बना रहा। जेल अधीक्षक डी.के. पाण्डेय, जेलर कुंज बिहारी सिंह, डिप्टी जेलर विजय कुमार, आदित्य कुमार, कृष्णकुमारी समेत अन्य कारागार कर्मी सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर मुस्तैद रहे।

रक्षा बंधन के इस विशेष आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि कानूनी प्रक्रिया के चलते जेल में निरुद्ध होने के बावजूद बंदियों के पारिवारिक और मानवीय रिश्तों को बनाए रखने के लिए संवेदनशील प्रयास किए जा सकते हैं। जिला कारागार गोरखपुर में आयोजित यह मुलाकात कार्यक्रम शांति, सद्भाव और भाई-बहन के प्रेम के साथ संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story