प्रतिबंधित पटाखों से भरी गाड़ी पकड़ी

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिबंधित पटाखों से भरी गाड़ी पकड़ी


बागपत, 30 अक्टूबर (हि.स.)।बागपत जिले के खेकड़ा कस्बे में हाल ही में हुई आगजनी की दर्दनाक घटना के बाद भी पटाखा माफिया बाज नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने औरंगाबाद मोहल्ले की संकरी गली में प्रतिबंधित पटाखों से भरी गाड़ी पकड़ी है। गाड़ी में 100 से अधिक पेटियां लदी थीं।

पटाखों की खेप आते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। हाल की आगजनी में कई लोगों की जान जाने का दर्द अभी भूले नहीं थे, इसलिए गली में विस्फोटक सामग्री देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मोहल्लेवासियों ने हंगामा कर पुलिस को घेर लिया और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

लोगों का आरोप है कि मुनाफे के लालच में व्यापारी संकरी गली में घरों के अंदर प्रतिबंधित पटाखे जमा कर पूरे मोहल्ले की जान जोखिम में डाल रहा था। एक चिंगारी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी। आक्रोशित लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। जिसके बाद हरकत में आई खेकड़ा पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी व्यापारी को हिरासत में ले लिया।

कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story