लोहे और लकड़ी लदे 10 ट्रक जीएसटी चोरी के शक में पकड़े,जांच में रामपुर जिले की एक फर्म का पंजीयन निरस्त

WhatsApp Channel Join Now
लोहे और लकड़ी लदे 10 ट्रक जीएसटी चोरी के शक में पकड़े,जांच में रामपुर जिले की एक फर्म का पंजीयन निरस्त


फर्म पर था 70 लाख रुपये से अधिक टैक्स बकाया

मुरादाबाद, 19 मई (हि.स.)। राज्य कर अधिकारियों ने मुरादाबाद जिले में हाईवे पर चेकिंग के दौरान सोमवार रात्रि लोहे और लकड़ी लदे 10 ट्रक जीएसटी चोरी के शक में पकड़ लिए। जांच के बाद रामपुर जिले की एक फर्म का पंजीयन निरस्त कर दिया गया। इस फर्म पर 70 लाख रुपये से अधिक टैक्स बकाया था।

राज्य कर के अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर बीती रात सोमवार को हाईवे पर जगह-जगह चेकिंग की गई। जांच के दौरान लोहा लदे सात ट्रक पकड़े गए, जो पंजाब जा रहे थे। लकड़ी लदे तीन ट्रक हरियाणा जा रहे थे। तीनों के कागजात दुरुस्त नहीं थे। राज्य कर अधिकारियों ने सभी ट्रकों को कब्जे में ले लिया।

रामपुर जिले के एक ट्रक के कागजात की जांच से पता चला कि फर्म अवैध ढंग से लकड़ी का कारोबार कर रही है। इस फर्म का पंजीयन निरस्त करने के लिए राज्य कर विभाग सीजीएसटी को पहले ही पत्र भेजा गया था।

राज्य कर के अपर आयुक्त ग्रेड-2 आर.ए. सेठ ने बताया कि ट्रक पकड़े जाने के बाद सीजीएसटी के अपर आयुक्त ने फर्म का पंजीयन निरस्त कर दिया है। इस फर्म पर 70 लाख से अधिक का बकाया था। लोहा लदे एक ट्रक के कागजात सही मिले हैं। अन्य की छानबीन जारी है। अप्रैल से अब तक मोबाइल दस्ता 52 ट्रक पकड़ चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story