गौतम बुद्ध नगर समेत चार जिलों में 10 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी
नोएडा, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण ने गुरुवार को हुई बोर्ड बैठक में गौतमबुद्ध नगर समेत चार जिलों में 10 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की। इन परियोजनाओं में 1,278 करोड़ रुपये का निवेश आने के साथ लगभग 4,498 फ्लैट, विला और दुकानों का निर्माण किया जा सकेगा।
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि मंजूर की गई परियोजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित श्रेणी की परियोजनाएं शामिल हैं। गौतमबुद्ध नगर में 496.27 करोड़ रुपए के अनुमानित निवेश वाली दो व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में 981 दुकानें और स्टूडियो अपार्टमेंट शामिल हैं।
वहीं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छह परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इसमें 438.29 करोड़ का अनुमानित निवेश होगा। इन परियोजनाओं में फ्लैट और दुकान मिलाकर 2,284 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इनमें पांच आवासीय और एक मिश्रित श्रेणी की परियोजना शामिल है। आगरा में 223.04 रूपए करोड़ के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 761 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। अधिकारी के मुताबिक गाजियाबाद में 120.88 रूपए करोड़ के अनुमानित निवेश वाली एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के माध्यम से 472 दुकानों का निर्माण किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

