प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 10 अगस्त को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 10 अगस्त को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा


लखनऊ, 15 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का वर्तमान चरण प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में 10 अगस्त, 2026 को आयोजित किया जायेगा। छूटे हुये लाभार्थियों को टैबलेट एल्बेण्डाजोल (कृमि नाशक गोली) 14 अगस्त, 2026 को मापअप दिवस को खिलाई जायेगी । वर्तमान चरण में लगभग 9.92 करोड़ बच्चों को कृमि मुक्ति किये जाने का लक्ष्य है।

उक्त कार्यक्रम की सफलता एवं बेहतर समन्वय के लिए अमित कुमार घोष अपर मुख्य सचिव-चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उ0प्र0 शासन की अध्यक्षता में बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री भवन के सभागार में समस्त सहयोगी विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ अंतर्विभागीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डा. पिंकी जोवल, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उ0प्र0, डा पवन कुमार अरूण, महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं महानिदेशक, परिवार कल्याण, उज्ज्वल कुमार, प्रबन्ध निदेशक, यू.पी.एम.एस.सी.एल. एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव-चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण द्वारा निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम का आयोजन समस्त विद्यालयों एवं आगंनबाड़ी केन्द्रों पर किया जाएगा। अतः समस्त लाभार्थी अभियान के दिन टैबलेट एल्बेण्डाजोल (कृमि नाशक गोली) खाना सुनिश्चित करें।

अभियान का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ नगरीय क्षेत्रों एवं सरकारी विद्यालयों के साथ प्राईवेट विद्यालयों में भी प्रमुखता से किया जायेगा। इस बार नगरीय क्षेत्रों के प्राईवेट शिक्षण संस्थानों में अधिक से अधिक लाभ पहुचाने के उद्देश्य से विशेष रणनीति तैयार की गई है। अभियान में नगरीय क्षेत्र के निजी विद्यालयों की शत- प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गयी है।बैठक में निर्देश दिया गया कि 10 अगस्त, 2026 को समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विशेष शिक्षक अभिभावक बैठक आयोजित किया जाये।जिसमें अभिभावकों के सामने ही बच्चों को टैबलेट एल्बेण्डाजोल की गोली शिक्षक द्वारा अपनी निगरानी में खिलाई जाये। इसी प्रकार से आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आंगनवाडी कार्यकत्री द्वारा 10 अगस्त, 2026 को विशेष आंगनवाड़ी मातृ बैठक का आयोजन कर आंगनवाड़ी केन्द्र के बच्चों को खिलाई जाये।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story