होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा


बांदा, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आगामी 25 से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों का गुरुवार को जायजा लिया। जिलाधिकारी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों और पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

डीएम ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की और परीक्षा के दौरान इंटरनेट कनेक्टिविटी सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सामग्री समय से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने डीएवी कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम और कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, सिटिंग प्लान, पेयजल, छाया और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने परीक्षा तिथियों में एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए। परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक दो पालियों में आयोजित होगी—प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।

यह परीक्षा जनपद के विभिन्न केंद्रों—आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खानकाह इंटर कॉलेज, इंटरमीडिएट कॉलेज तिंदवारा, नगर पालिका बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जनता इंटर कॉलेज खुरहंड और रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में आयोजित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के साथ-साथ ट्रैफिक प्रबंधन और वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story