स्नातक निर्वाचन के लिए मतदान की तैयारियां पूरी, 22 केंद्रों पर शुक्रवार को पड़ेंगे वोट

WhatsApp Channel Join Now
स्नातक निर्वाचन के लिए मतदान की तैयारियां पूरी, 22 केंद्रों पर शुक्रवार को पड़ेंगे वोट


मतदान पार्टियां मतदेय स्थलों पर पहुंचीं

बांदा, 22 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के लिए उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक जिले के 22 मतदान स्थलों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान पार्टियों को मतपेटिकाएं, मतपत्र और निर्वाचन संबंधी अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके बाद सभी मतदान पार्टियां सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर सकुशल पहुंच गईं।

निर्वाचन प्रक्रिया पर नजर रखने और मतदान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिले में पांच जोनल मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 22 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला अधिकारी ने प्रशासन ने मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story