स्काईवॉक के शुरू होने से नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को हाेगी बेहतर : पंकज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
स्काईवॉक के शुरू होने से नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को हाेगी बेहतर : पंकज सिंह


नोएडा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। नोएडा के सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन को आपस में जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित 'स्काईवॉक' मार्ग का आज नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने विधिवत उद्घाटन किया। इस उद्घाटन से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) और नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) के दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच यात्रियों की आवाजाही पहले के मुकाबले अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

रविवार को नोएडा विधायक पंकज सिंह ने स्काईवॉक के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि करीब 460 मीटर लंबे स्काईवॉक के शुरू होने से नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि इससे रोजाना 20 हजार से अधिक यात्रियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। स्काईवॉक के माध्यम से यात्री बिना सड़क पर उतरे एक मेट्रो स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ-साथ सड़क पर पैदल चलने और यातायात के बीच से गुजरने का जोखिम भी कम होगा।

स्काईवॉक के शुरू होने से खासतौर पर उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन और नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की मेट्रो सेवाओं के बीच इंटरचेंज करना पड़ता है। इस कनेक्टिविटी से दोनों मेट्रो नेटवर्क के बीच यात्री आवागमन को बढ़ावा मिलेगा और नोएडा में सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि कि लगभग 460 मीटर लंबे इस स्काईवॉक का निर्माण करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य सेक्टर-51 स्थित नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन स्टेशन और सेक्टर-52 स्थित दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन स्टेशन के बीच यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। दोनों स्टेशनों के बीच दूरी और सड़क पार करने की परेशानी के कारण यात्रियों को लंबे समय से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

स्काईवॉक शुरू होने के बाद मेट्रो बदलने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story