सेंट्रल जोन अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में 58 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें लेंगी हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
सेंट्रल जोन अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में 58 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें लेंगी हिस्सा


कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सेंट्रल जोन अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के 58 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। आठ दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 1800 से अधिक खिलाड़ी मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबले और भी रोमांचक होंगे। यह जानकारी शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 14 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता को लेकर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने दी।

प्रतियोगिता में दोनों राज्यों के विश्वविद्यालयों की टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ी भी शामिल होंगे। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ ही बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

आयोजन के लिए खिलाड़ियों के पंजीकरण, आवास, भोजन, खेल मैदान, तकनीकी व्यवस्थाओं और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। रेफरी और मैच अधिकारियों के समन्वय पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे प्रतियोगिता का संचालन व्यवस्थित तरीके से हो सके।

क्रीड़ा परिषद और शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच खेल संबंध और मजबूत होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776754 Articles

Share this story