सवा लाख दीपों से जगमगाया राप्ती तट, देवदीपावली पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
सवा लाख दीपों से जगमगाया राप्ती तट, देवदीपावली पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब




















गोरखपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर देवदीपावली के अवसर पर गोरखपुर में राप्ती नदी का गोरखनाथ घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। एक साथ प्रज्ज्वलित दीपों की सुनहरी आभा से पूरा घाट आलोकित हो गया। नदी की लहरों पर झिलमिलाते दीपों के प्रतिबिंब, वैदिक मंत्रोच्चार, घंटा-घड़ियाल की गूंज और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। एक समाचार पत्र की ओर से आयोजित इस भव्य दीपोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां राप्ती के तट पर दीपदान किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

गोरखनाथ घाट पर आयोजित दीपोत्सव का शुभारंभ सदर सांसद रवि किशन और समाचार पत्र के स्थानीय संपादक भास्कर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद दीपदान का सिलसिला शुरू हुआ तो देखते ही देखते घाट का कोना-कोना रोशनी से नहा उठा। श्रद्धालुओं ने मां राप्ती को दीप अर्पित कर परिवार की खुशहाली, शांति, आरोग्यता और जनकल्याण की प्रार्थना की। परिवार के साथ पहुंचे बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन में सहभागिता की।

दीपों की कतारों के बीच हुई मां राप्ती की आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। वहीं, आसमान में हुई आतिशबाजी ने उत्सव की छटा और बढ़ा दी। राप्ती की जलधारा में दीपों की परछाइयां ऐसा दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं, मानो धरती पर तारों का संसार उतर आया हो।

कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी एस. चन्नप्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी नार्थ राजेश धुनावत और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दीपदान और आरती में सहभागिता की।

काशी की विश्वप्रसिद्ध देवदीपावली की परंपरा से प्रेरित होकर राप्ती तट पर आयोजित यह दीपोत्सव अब गोरखपुर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना रहा है। सामूहिक दीपदान के जरिए धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। देर रात तक गोरखनाथ घाट दीपों की रोशनी और भक्ति के उल्लास से सराबोर रहा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782698 Articles

Share this story