सबसे मिलजुल कर कार्य करेंगे: पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
सबसे मिलजुल कर कार्य करेंगे: पंकज चौधरी


लखनऊ, 13 दिसम्बर (​हि.स.)। केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि सबसे मिलजुल कर कार्य करेंगे।

शनिवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता, जो दायित्व मिलता है उसे पार्टी कार्यकर्ता के नाते हम पूरी निष्ठा से निभाते हैं। नामांकन दाखिल हुआ है, जांच चल रही है। कल जब घोषणा होगी तभी मैं कुछ कह पाऊंगा। अगर प्रदेश अध्यक्ष बनता हूँ तो पार्टी जो दायित्व देगी उसे ठीक ढंग से निभायेंगे। पंकज चौधरी ने कहा कि यह भाजपा में ही हो सकता है। एक कार्यकर्ता को पार्षद,पार्षद से डिप्टी मेयर, सांसद, मंत्री व मंत्री से आज प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन किया है।

रविवार को डा. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अम्बेडकर सभागार में प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य का निर्वाचन होगा। वहीं पर प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होगी। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े, केन्द्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल, उत्तर प्रदेश के संगठन चुनाव अधिकारी डा.महेन्द्र नाथ पाण्डेय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष पद पर पंकज चौधरी की ही घोषणा होनी है, क्यों​कि एक ही नामांकन दाखिल हुआ है। इसलिए पंकज चौधरी का निर्विरोध ​चुना जाना तय है। इसलिए उनके ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियां की जा रही है। भाजपा महानगर की ओर से लखनऊ के सभी चौराहों पर होर्डिंग एवं पार्टी के झण्डे लगाये जा रहे हैं। हजरतगंज से लेकर लोहिया विधि विश्वविद्यालय तक सड़क मार्ग के दोनों ओर भाजपा के झण्डे लगाये जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story