संस्कृति विवि का अंतर्राष्ट्रीय दीक्षांत समारोह में विदेशी विद्यार्थियों को मिलीं डिग्रियां
मथुरा, 14 जुलाई(हि.स.)। मथुरा स्थित संस्कृति विश्वविद्यालय के संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम में भारतीय परंपराओं के साथ अंतर्राष्ट्रीय दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस समारोह में विभिन्न देशों के कुल 29 विदेशी छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं।
समारोह में मलावी, तंजानिया, जिम्बाब्वे, नामीबिया, रवांडा, जाम्बिया, लेसोथो, म्यांमार और इस्वातिनी (स्वाजीलैंड) के कुल 29 विदेशी छात्रों को उपाधियों से अलंकृत किया गया। विश्वविद्यालय के चांसलर डाॅ. सचिन गुप्ता ने डिग्रियां प्रदान करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि ऐसे वैश्विक नागरिक तैयार करना है जो मानवता की प्रगति में योगदान दें। प्रभारी कुलपति प्रो. रघुराम भट्ट ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान ही नहीं बढ़ाती, बल्कि मनुष्य के संपूर्ण व्यक्तित्व, सोच और व्यवहार का भी निर्माण करती है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान, सरस्वती वंदना और बैंड-बाजे की धुन पर निकाली गई पारंपरिक परेड के साथ हुई। समारोह में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, एग्रीकल्चर, लॉ और हेल्थ केयर विभाग के होनहार विदेशी छात्रों को डिग्रियां सौंपी गईं। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शुभांगी सक्सेना और समन्वय दीपक कुमार द्वारा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

