संविधान मान स्तंभ दिवस पर आरक्षण बचाओ सेमिनार आयोजित : हाजी फजल महमूद

WhatsApp Channel Join Now
संविधान मान स्तंभ दिवस पर आरक्षण बचाओ सेमिनार आयोजित : हाजी फजल महमूद


कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। बेरोजगारी से निजात पाने और सामाजिक न्याय को मजबूत करने के लिए आरक्षण व्यवस्था को पूरी ईमानदारी से लागू करना होगा। यह बातें रविवार को समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर के अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद ने संविधान मान स्तंभ दिवस पर आयोजित 'आरक्षण बचाओ सेमिनार' में कहीं।

समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर की ओर से संविधान मान स्तंभ दिवस के अवसर पर नवीन मार्केट स्थित महानगर कार्यालय में 'आरक्षण बचाओ सेमिनार' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, 78 वार्डों के प्रभारियों, पीडीए टीम और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

सेमिनार से पहले पार्टी नेताओं ने फूलबाग स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में संविधान, सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था पर चर्चा की गई।

महानगर अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद ने कहा कि संविधान की मूल भावना और लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए आरक्षण नीति को प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को रोजगार के अवसर और सामाजिक न्याय नहीं मिला तो बेरोजगारी के साथ देश की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज और महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक समानता और शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के जरिए सभी वर्गों को समान अधिकार और सामाजिक न्याय का आधार प्रदान किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समान अवसर और विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।

सेमिनार में विधायक अमिताभ बाजपेई, विधायक मोहम्मद हसन रूमी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव 'मिंटू', प्रदेश सचिव के.के. शुक्ला, नंदलाल जायसवाल, सत्यनारायण गहरवार, सौरभ सिंह, दीपक खोटे, इम्तियाज मदनी, राजेंद्र जायसवाल, गुड्डू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story