संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : शशांक मणि

WhatsApp Channel Join Now
संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : शशांक मणि


देवरिया, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में गुरुवार काे संविधान गौरव दिवस पर संवैधानिक मूल्यों पर आयाेजित परिचर्चा में सदर

सांसद शशांक मणि ने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार

है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अधिकार दिया है। युवा पीढ़ी को संविधान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उसके आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारना चाहिए।

संविधान गौरव दिवस के अवसर पर संत विनोबा पीजी कॉलेज, देवरिया में ‘संवैधानिक मूल्यों पर चर्चा’ विषयक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर सांसद शशांक मणि ने अपने विचार रखे । कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य अर्जुन मिश्रा ने की।

मुख्य अतिथि सांसद शशांक मणि ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था संचालित करने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। इन मूल्यों को जीवन में आत्मसात करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा युवाओं को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना होगा।

सांसद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों से होती है। संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करके ही सशक्त, समरस और विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्राचार्य अर्जुन मिश्रा ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करें।

विभागाध्यक्ष प्रदीप दीक्षित ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद बताते हुए इन्हें अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। अंत में संविधान के आदर्शों के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया। संचालन उर्वशी ने किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री डॉ. हेमंत मिश्रा, मीडिया संयोजक प्रभाकर तिवारी, भाजपा नेता आनंद शाही, सुधीर श्रीवास्तव सहित कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story