संयुक्त आयुक्त ग्राम्य विकास संजय कुमार पाण्डेय निलम्बित

WhatsApp Channel Join Now
संयुक्त आयुक्त ग्राम्य विकास संजय कुमार पाण्डेय निलम्बित


लखनऊ, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों पर उत्तर प्रदेश शासन, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संजय कुमार पाण्डेय, संयुक्त आयुक्त (मनरेगा), ग्राम्य विकास, उ०प्र० को तात्कालिक प्रभाव से निलम्बित किया गया है। इन पर जनपद उन्नाव में उपायुक्त (स्वतः रोजगार), राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के पद पर तैनाती की अवधि में की गयी वित्तीय अनियमितता के लिए प्रथमदृष्ट्या दोषी होने व उनके द्वारा लोकपालों का कार्यकाल 15 मार्च को पूर्ण होने के पश्चात् उनका कार्यकाल विस्तार व नवीनीकरण के संबंध में कोई प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं करने, तथा संबंधित विशेषज्ञ के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं करने, भारत सरकार के निर्देशों एवं शासनादेश का उल्लंघन करने, मनरेगा के विभिन्न महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर कोई उचित कार्यवाही नहीं करने आदि के आराेप हैं।

संजय कुमार पाण्डेय के विरूद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली- 1999 के नियम-7 के अन्तर्गत अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित करते हुये आयुक्त लखनऊ मण्डल लखनऊ को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि संजय कुमार पाण्डेय, संयुक्त आयुक्त (मनरेगा) ग्राम्य विकास विभाग के विरूद्ध आरोप पत्र गठित कर पृथक से प्रेषित किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story