संत प्रेमानंद के जीवन, साधना और आध्यात्मिक पर फिल्म बनाएंगी महामंडलेश्वर हिमांगी सखी

WhatsApp Channel Join Now
संत प्रेमानंद के जीवन, साधना और आध्यात्मिक पर फिल्म बनाएंगी महामंडलेश्वर हिमांगी सखी


मथुरा, 11 सितम्बर (हि.स.)। संत प्रेमानंद महाराज के जीवन, साधना और आध्यात्मिक यात्रा को अब बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी है। शुक्रवार काे आध्यात्मिक यात्रा पर वृंदावन पहुंचीं किन्नर जगद्गुरु महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ने संत प्रेमानंद महाराज के जीवन पर आधारित बायोपिक बनाने की घोषणा की है। फिल्म का प्रस्तावित नाम ‘प्रेमानंद महाराज एंड राधा अंश’ रखा गया है।

बाबा नीम करोली महाराज पर आधारित फिल्म हनुमान अंश की बंपर सफलता के बाद, वैष्णव किन्नर अखाड़े की जगद्गुरु शंकराचार्य हिमांगी सखी ने संत प्रेमानंद महाराज के जीवन पर राधा अंश नाम से फिल्म बनाने की घोषणा की है। हनुमान अंश फिल्म पिछले 35 दिनों से सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चल रही है और जल्द ही 200 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली है। इस फिल्म की सफलता और बाबा नीम करोली महाराज के प्रति लोगों की गहरी भक्ति को देखकर ही हिमांगी सखी को संत प्रेमानंद महाराज के जीवन पर फिल्म बनाने की प्रेरणा मिली है। हिमांगी सखी ने फिल्म की प्रोडक्शन टीम से चर्चा कर ली है और टीम इसके निर्माण के लिए सहमत भी हो गई है। हालांकि, संत प्रेमानंद महाराज और उनके सहयोगियों की ओर से अभी तक आधिकारिक अनुमति मिलना बाकी है। हिमांगी सखी ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही महाराज जी और उनके सहयोगियों से अनुमति मिल जाएगी, फिल्म का टीजर और प्रोमो बहुत जल्द तैयार कर लिया जाएगा।

हिमांगी सखी का बचपन ब्रज की कुंज गलियों में बीता है और उनका मन पूरी तरह से राधा-भाव से ओतप्रोत है, इसलिए उनके लिए यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव है। फिल्म की कास्टिंग को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी सिफारिश संत प्रेमानंद जी के सहयोगी करेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से भी इस प्रोजेक्ट में सहयोग मांगने की इच्छा जताई है। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्सर वृंदावन जाकर संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेते रहे हैं, जिसके चलते उनके फिल्म में शामिल होने को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि उनकी तरफ से इस फिल्म में काम करने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story