संग्रहालयों की स्थापना से युवा पीढ़ी ऐतिहासिक धरोहरों को देख सकेगी: जयवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 29 मई (हि.स.)। वित्तीय वर्ष 2026-27 में संस्कृति विभाग द्वारा संग्रहालयों की स्थापना, विकास एवं क्यूरेशन कार्य की 17 नवीन परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इन परियोजनाओं के तहत संग्रहालयों की स्थापना, उच्चीकरण, नवीनीकरण, क्यूरेशन आदि के कार्य कराए जाएंगे। कुछ परियोजनाओं का शासन स्तर पर निर्णय प्रतीक्षित है, जिसका शीघ्र ही निस्तारण करा दिया जाएगा। संग्रहालयों की स्थापना से जनपद की दुर्लभ वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्धि संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास से जोड़ा जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जनपद गोरखपुर में गौरव संग्रहालय के क्यूरेशन कार्य हेतु 2250 लाख रूपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है। इसी प्रकार बाल संग्रहालय, कन्नौज की स्थापना एवं क्यूरेशन कार्य के लिए 1500 लाख रूपये, जनपद फर्रूखाबाद में संग्रहालय की स्थापना एवं क्यूरेशन कार्य के लिए 2450 लाख रूपये, जनपद कासगंज पुरातत्व संग्रहालय की स्थापना के लिए 1682.58 लाख रूपये तथा जनपद झांसी के चिरगांव में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना के लिए 05 करोड़ की धनराशि प्रस्तावित की गई है।

जयवीर सिंह ने बताया कि इसी प्रकार जनपद सोनभद्र में संग्रहालय की स्थापना के लिए अनुमानित धनराशि 133.55 लाख रूपये, नई मांग के माध्यम से राज्य संग्रहालय, लखनऊ के उच्चीकरण, नवीनीकरण एवं सुंदरीकरण हेतु 150 करोड़ रूपये, नई मांग के माध्यम से राज्य संग्रहालय, मथुरा के उच्चीकरण, नवीनीकरण एवं सुंदरीकरण हेतु 100 करोड़ रूपये, जनपद चित्रकूट स्थित महर्षि वाल्मिकी आश्रम लालापुर चित्रकूट के पर्यटन विकास के अंतर्गत संग्रहालय के क्यूरेशन के कार्य हेतु 05 करोड़ रूपये तथा जनपद चित्रकूट के तहसील राजापुर ग्राम पहाड़ी स्थित संत श्री तुलसीदास की जन्मस्थली तुलसीपीठ एवं राजापुर में तुलसी स्मारक के पर्यटन विकास एवं क्यूरेशन के कार्य हेतु 05 करोड़ रूपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है।

जयवीर सिंह ने बताया कि हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में संग्रहालय में पुस्तकालय की स्थापना तथा क्यूरेशन कार्य के लिए 05 करोड़ रूपये, जनपद लखनऊ में गुरू गोविंद सिंह स्मृति संस्थान एवं ऐतिहासिक स्मारक (विरासत-ए-खालसा) के निर्माण हेतु 10 करोड़ रूपये, मानव संस्कृति विकास संग्रहालय के लिए 25 करोड़ रूपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है। जनपद बलिया, अलीगढ़, सहारनपुर तथा बरेली में संग्रहालयों की स्थापना के लिए उच्च स्तर पर कार्यवाही प्रचलित है। शीघ्र ही इसका समाधान कराकर अग्रेतर कार्यवाही शुरू करा दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story