शिकायतों के निस्तारण में मुरादाबाद नगर निगम उत्तर प्रदेश में अव्वल
मुरादाबाद, 04 नवम्बर (हि.स.)। आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में मुरादाबाद नगर निगम को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। अक्टूबर माह में 1049 शिकायतों का फीडबैक लिया गया। इसमें 870 शिकायतों में संतोषजनक स्थिति पाई गई। मंगलवार को आईजीआरएस पोर्टल द्वारा जारी अक्टूबर माह की रैंकिंग में नगर निगम मुरादाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
आईजीआरएस जनसुनवाई प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि नगर निगम मुरादाबाद को आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, डीएम कार्यालय और शासन स्तर से जनशिकायतें प्राप्त होती है। इनका संबंधित विभागों द्वारा निस्तारण किए जाने के बाद लखनऊ स्तर से संबंधित शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर वार्ता कर फीडबैक लिया जाता है। इसी फीडबैक के आधार पर अंक मिलते हैं। मूल्यांकन और रैंकिंग जारी की जाती है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में नगर निगम मुरादाबाद से संबंधित कुल 1049 शिकायतों पर फीडबैक लिया गया, जिनमें 870 शिकायतों में संतोषजनक स्थिति पाई गई। शेष 179 शिकायतें मांग से संबंधित थीं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

