लखनऊ नगर निगम में नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ नगर निगम में नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न


लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को शासन की ओर से नामित 10 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी नवनियुक्त पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

शपथ ग्रहण के उपरांत महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ सभी पार्षदों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया और लड्डू खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

10 नामित पार्षदों ने संभाली जिम्मेदारी

महापौर ने गणेश वर्मा, दीप जायसवाल, रूपचंद अग्रवाल, पंकज बोस, किशन पाल, संतोष सिंह बलखंडी, नेहा सिंह, अखिलेश गिरी, मधुबाला त्रिपाठी एवं पुरुषोत्तम पुरी को शपथ दिलाई। सभी पार्षदों ने शपथ ग्रहण के बाद एक-दूसरे को बधाई दी और नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पार्षदों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस मौके पर महापौर ने सभी पार्षदों को जनसेवा के प्रति समर्पित रहने और नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाना है, जिसमें पार्षदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सभी नवनियुक्त पार्षद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को गति देंगे और नगर निगम की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद टीम भावना के साथ कार्य करते हुए लखनऊ के समग्र विकास में योगदान देंगे।

इस अवसर पर नगर निगम के पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story