रोटरेक्ट क्लब गोरखपुर की नई टीम ने संभाली कमान, श्वेता गौर बनीं अध्यक्ष
गोरखपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। रोटरी क्लब गोरखपुर की युवा इकाई रोटरेक्ट क्लब गोरखपुर का 11वां शपथ ग्रहण समारोह सिविल लाइंस स्थित निपाल लॉज के सभागार में बुधवार काे संपन्न हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्वेता गौर के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी ने पद एवं दायित्व की शपथ लेते हुए समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प लिया।
निवर्तमान अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्वेता गौर को अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर क्लब की कमान औपचारिक रूप से सौंपी। नई अध्यक्ष ने सदस्यों के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े सेवा कार्यों को और विस्तार देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह के मुख्य अतिथि रो. मंकेश्वर नाथ पांडेय ने कहा कि रोटरेक्ट
सेवा का मंच होने के साथ युवाओं में नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक कार्य की भावना विकसित करने वाली महत्वपूर्ण संस्था है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा जब सेवा और सकारात्मक सोच से जुड़ती है तो समाज में स्थायी परिवर्तन की मजबूत नींव तैयार होती है।
विशिष्ट अतिथि रो. प्रियंका श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए रोटरेक्ट क्लब की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से सेवा गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता करते हुए समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचने का आह्वान किया।
क्लब के संस्थापक अध्यक्ष हर्ष श्रीवास्तव व सचिव अंकित मिश्र ने क्लब की दस वर्षों की यात्रा को स्मरण करते हुए कहा कि एक दशक पूर्व सकारात्मक सोच और सेवा के उद्देश्य से जिस पौधे को लगाया गया था, वह आज एक मजबूत संस्था के रूप में समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुका है। क्लब के दस वर्ष पूरे होने को उन्होंने सभी सदस्यों की निरंतर मेहनत, समर्पण और सहयोग का परिणाम बताया।
पूर्व सचिव सौरभ राज ने बीते सत्र में क्लब द्वारा संचालित प्रमुख सेवा परियोजनाओं एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। नवनियुक्त सचिव अंकित ने आगामी सत्र की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता और सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजक नीरज अस्थाना ने अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि समारोह का संचालन रो. उज्जवल पाण्डेय ने किया।
शपथ ग्रहण समारोह को सेवा से जोड़ते हुए कार्यक्रम के बाद विद्यालय के बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से नई टीम ने अपने कार्यकाल की शुरुआत सेवा भावना के साथ की।
इस अवसर पर रोटरेक्ट चेयरमैन सुधांशु चंद्रा, रोटरी क्लब गोरखपुर के सचिव शुभेन्द्रु श्रीवास्तव, रो. अतुल पटेल, रो. सुमीर गोयल, रो. प्रीति श्रीवास्तव, रो. अनुराधा श्रीवास्तव, रो. कन्हैया मिश्रा, रो. अनुराग, रो. हृदय और रो. सौरभ सहित विभिन्न क्लबों के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

