रिक्त पद भरने और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर रेलकर्मियों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
रिक्त पद भरने और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर रेलकर्मियों का प्रदर्शन


मुरादाबाद, 27 नवंबर (हि.स.)। रिक्त पदों को भरने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने व विश्राम पर प्रतिबंध लगाने के विरोध में उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। मंडल मंत्री धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में करीब 150 कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर 12 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।

यूनियन के महामंत्री बीसी शर्मा के आह्वान पर हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने, एनपीएस और यूपीएस के स्थान पर सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने कोरोना काल में रोके गए महंगाई भत्ते की किस्तों का एरियर देने की भी मांग की।

कर्मचारियों ने रेलवे के सभी विभागों में रिक्त पद भरने, ठेका प्रथा समाप्त करने और नियमित नियुक्तियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इसके अलावा रेलवे आवासों के किराये में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि रोकने और जर्जर आवासों की मरम्मत कराने की मांग की।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष एसके उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष संजय माथुर, सिराज अहमद, जय कुमार और बत्ती लाल मीणा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story