योग स्वस्थ एवं सफल जीवन का आधार : डॉ. रामकिशोर

WhatsApp Channel Join Now
योग स्वस्थ एवं सफल जीवन का आधार : डॉ. रामकिशोर


कानपुर, 13 जून (हि.स.)। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और जीवन में सफल बनने की दिशा प्रदान करता है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली है। यह बातें शनिवार को सीएसजेएम विश्वविद्यालय के योग विभाग के सहायक प्रोफेसर एवं योग विशेषज्ञ डॉ. रामकिशोर ने ब्रह्माकुमारी केंद्र बिठूर में आयोजित विशेष योग कार्यशाला में कहीं।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय के योग पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यशाला में डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक प्रार्थना और ध्यान सत्र से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, संधि संचालन क्रियाएं तथा प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। गर्दन, कंधे, कमर और घुटनों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विशेष योगाभ्यास भी कराए गए। वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुर्सी पर बैठकर किए जाने वाले योग और सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।

डॉ. रामकिशोर ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, कार्यक्षमता बढ़ती है और व्यक्ति का भावनात्मक संतुलन बेहतर होता है। उन्होंने योग को रोजगार और स्वरोजगार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताते हुए विश्वविद्यालय में संचालित बीएससी योग साइंस, एमएससी योग साइंस, एमए योग तथा पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग प्रशिक्षकों, योग चिकित्सकों और वेलनेस विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी केंद्र बिठूर के प्रतिनिधि प्रकाश भाई ने राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक जीवनशैली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग और अध्यात्म का समन्वय व्यक्ति को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। वहीं योग विभाग के शोध छात्र अनिल कुमार यादव ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराते हुए इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय एवं ब्रह्माकुमारी केंद्र बिठूर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story