युवा संसद युवाओं की आत्मशक्ति के जागरण का पर्व: डा.दिनेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
युवा संसद युवाओं की आत्मशक्ति के जागरण का पर्व: डा.दिनेश शर्मा


लखनऊ,03 मई (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में ‘मेरा युवा भारत’ (MYBharat) उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। 01-03 मई तक आयोजित इस युवा संसद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों से कुल 375 प्रतिभागी शामिल हुए और केन्द्रीय बजट 2026 विषय पर माय भारत संग जुड़कर “विकसित भारत” के संकल्प को स्वर दिया।

समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) की पहल की सराहना करते हुए राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद को युवाओं की आत्मशक्ति के जागरण का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि एकाग्रता, स्पष्ट उद्देश्य और कुछ कर गुजरने की तमन्ना ही युवा की पहचान है और यही जागृत युवा विकसित उत्तर प्रदेश व विकसित भारत के निर्माण की दिशा तय करेंगे। 75 जनपदों से आए 375 प्रतिभागियों की सहभागिता को उन्होंने युवा चेतना का सशक्त संकेत बताया और कहा कि यह मंच युवाओं को नेतृत्व क्षमता, संसदीय समझ और राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी से जोड़ रहा है।

उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 को युवाशक्ति आधारित बताते हुए उद्यमिता, स्टार्टअप, नवाचार और कौशल विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया तथा विश्वास जताया कि यही युवा आगे चलकर राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे और देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रदेश के विभिन्न गाँवों और कस्बों से निकलकर आए इन होनहार युवाओं ने अपने विचारों और तर्कों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति में गांव की जमीनी समझ, राष्ट्रीय दृष्टिकोण और वैश्विक सोच का अनूठा संगम देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं ने जब मंच संभाला, तो उनके शब्दों में अनुभव, संवेदना और प्रतिबद्धता का संगम दिखाई दिया। यह आयोजन “विकसित भारत” के उस रोडमैप की झलक बनकर सामने आया, जिसमें गांव, जिला, प्रदेश और राष्ट्र-चारों स्तर एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

इन युवाओं को विधानसभा में भाषण देने का यह अवसर माय भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से मिला। माय भारत उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेशभर के सभी जनपदों में जिला युवा संसद का आयोजन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन युवाओं को चुनकर विधानसभा में आमंत्रित किया गया। माय भारत द्वारा राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 के लिए निर्धारित विषय-“केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना”-पर युवाओं ने रोजगार, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण और स्किल डेवलपमेंट जैसे विभिन्न आयामों को जोड़ते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के विचारों को गंभीरता से सुना और नए दृष्टिकोणों को आत्मसात किया।

समापन सत्र में उप्र सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने युवाओं को संबोधित कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और युवाओं के उत्साह, उमंग, अनुशासन एवं विजन की प्रशंसा की। वहीं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में उत्तर प्रदेश के ग्रुप कैप्टन अमन कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

विजेताओं में जालौन के अंकित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बलिया की शिप्रा सिंह द्वितीय और कानपुर नगर की रश्मि रंजन साहू तृतीय स्थान पर रहीं। अपने प्रभावी तर्क, आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और विषय की गहरी समझ के दम पर इन प्रतिभागियों ने निर्णायकों को प्रभावित किया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story