मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित, 240 विद्यार्थियों को मिले मेडल और प्रशस्ति पत्र

WhatsApp Channel Join Now
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित, 240 विद्यार्थियों को मिले मेडल और प्रशस्ति पत्र


जौनपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शहर के हिंदी भवन में रविवार को माइनॉरिटी वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में अल्पसंख्यक मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 240 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक नफीस अहमद ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सम्मान को मंजिल न मानें, बल्कि सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए निरंतर संघर्ष करते रहें। वर्तमान समय ज्ञान और विज्ञान का है, इसलिए विद्यार्थियों के लिए दीनी और दुनियावी दोनों तरह की शिक्षा जरूरी है। मुख्य वक्ता मड़ियाहूं नगर पंचायत अध्यक्ष रुकसाना कमाल ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने छात्राओं की बड़ी संख्या में सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष हफीज शाह ने की। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले दस वर्षों से यह सम्मान समारोह आयोजित कर रही है। यहां सम्मानित कई विद्यार्थी आज विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत हैं।

इस दौरान नईम और जइम नामक दो भाइयों को बिना दहेज और बिना बारात शादी कर समाज में दहेज विरोधी संदेश देने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कमाल फारूकी, डॉ. नोमान खान, शशांक सिंह रानू, सरदार सतनाम सिंह और एसबीआई अधिकारी रौनक अफरोज ने भी विचार रखे। संचालन मेंहदी रजा एडवोकेट ने किया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story