मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर का हार्ट अटैक से निधन, अस्पताल में शोक की लहर

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर का हार्ट अटैक से निधन, अस्पताल में शोक की लहर


बहराइच, 14 जुलाई (हि.स.)। मेडिकल कॉलेज में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विनोद कुमार का मंगलवार को अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक की लहर दौड़ गई और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि डॉ. विनोद कुमार को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री, डॉ. अरविंद शुक्ला सहित अन्य चिकित्सक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सभी ने दिवंगत चिकित्सक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया।

प्राचार्य ने बताया कि मृतक डॉक्टर सन्त कबीर नगर के रहने वाले थे। वो यहां आर्थोपेडिक सर्जन के पद पर तैनात थे। हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हुई है।

डॉ. विनोद कुमार के निधन से उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार के सदस्य बहराइच के लिए रवाना हो गए हैं।

डॉ. विनोद कुमार के असामयिक निधन से मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में शोक व्याप्त है। सभी ने इसे चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Share this story