मुरादाबाद में भरभराकर गिरा जर्जर भवन, एक दिन पहले ही किया गया था सील

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में भरभराकर गिरा जर्जर भवन, एक दिन पहले ही किया गया था सील


मुरादाबाद में भरभराकर गिरा जर्जर भवन, एक दिन पहले ही किया गया था सील


- तहसील प्रशासन ने पुलिस को आवागमन रोकने के लिए भेजा था पत्र

मुरादाबाद, 05 सितम्बर (हि.स.)। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुरादाबाद जिला प्रशासन द्वारा समय रहते की गई कार्रवाई के चलते शनिवार काे एक बड़ा हादसा मुरादाबाद सदर तहसील क्षेत्र में होने से बच गया। तहसील सदर क्षेत्र में जामा मस्जिद रोड हमसफर मैरिज हॉल के पास अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका भवन शनिवार को अचानक भरभराकर गिर गया। राहत की बात यह रही कि प्रशासन द्वारा एक दिन पूर्व ही भवन को सील कराकर उसके आसपास आवागमन रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर दी गई थी, जिसके कारण किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा अप्रिय घटना नहीं हुई।

शुक्रवार 4 सितंबर को तहसील सदर प्रशासन एवं पुलिस बल की मौजूदगी में

मकान संख्या 26एफ-17, जामा मस्जिद रोड, गेट नंबर-2, हमसफर मैरिज हॉल के पास स्थित भवन का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट में भवन की स्थिति को अत्यंत जर्जर पाया गया था। भवन नाले के किनारे स्थित होने तथा उसके कभी भी गिरने की आशंका को देखते हुए जन-धन की संभावित हानि को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई।

लोक सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत नगर निगम मुरादाबाद द्वारा 04 सितंबर को इस भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया था।

साथ ही, तहसील सदर प्रशासन द्वारा संबंधित लेखपाल की रिपोर्ट के अनुरूप थाना प्रभारी, मुगलपुरा को पत्र भेजकर भवन के आसपास किसी भी व्यक्ति के आवागमन पर रोक लगाने तथा आवश्यक पुलिस सुरक्षा/सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए थे।

प्रशासन द्वारा की गई इस त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई का परिणाम आज सामने आया, जब यह जर्जर भवन अचानक गिर गया। भवन पहले से ही सील था और उसके आसपास आवागमन रोकने के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया था।

इस कारण भवन गिरने के बावजूद मौके पर किसी व्यक्ति के मौजूद न होने से एक संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक तहसील प्रशासन द्वारा जर्जर एवं खतरनाक भवनों को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसी भी संभावित खतरे की समय रहते पहचान कर जनजीवन की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story