मुझे शादी से दूर रखना भोले बाबा- कांवड़िया

WhatsApp Channel Join Now
मुझे शादी से दूर रखना भोले बाबा- कांवड़िया


बागपत, 05 अगस्त (हि.स.)। बागपत से गुजर रही कांवड़ यात्रा में एक ऐसी अनोखी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। हरियाणा के रहने वाले बुजुर्ग कांवड़िया रामफल पिछले 23 वर्षों से लगातार कांवड़ ला रहे हैं, लेकिन उनकी मन्नत कुछ अलग है—वह भगवान भोलेनाथ से शादी से दूर रहने का वरदान मांगते हैं।

रामफल बुधवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर भडल मार्ग से होते हुए बागपत पहुंचे। रास्ते में पड़ाव के दौरान बातचीत में उन्होंने बताया कि समाज में बदलते रिश्तों और टूटते भरोसे ने उन्हें विवाह से दूर रहने का फैसला लेने पर मजबूर किया। उनका कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में कई ऐसे उदाहरण देखे, जहां रिश्तों में विश्वास की कमी ने परिवारों को तोड़ दिया। इसी अनुभव के कारण उन्होंने आजीवन ब्रह्मचर्य का संकल्प लिया है।

रामफल बताते हैं कि वह पिछले 23 साल से हर साल कांवड़ लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं और यही प्रार्थना करते हैं कि उनकी शादी न हो। उनका मानना है कि भोलेनाथ की कृपा से आज तक उनका यह संकल्प कायम है और आगे भी बना रहेगा।

इतना ही नहीं, रामफल की इच्छा केवल इस जन्म तक सीमित नहीं है। वह कहते हैं कि अगले जन्म में भी वह विवाह के बंधन में नहीं बंधना चाहते और इसके लिए भी भोलेनाथ से प्रार्थना करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story