मंडलायुक्त ने परखी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की हकीकत, अनुपस्थित डॉक्टर को नोटिस जारी
महोबा, 06 जून (हि.स.)। चित्रकूट धाम मंडल के मंडलायुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जैतुपर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी में पानी व जनरेटर की व्यवस्था ठीक पायी गयी। मण्डलायुक्त द्वारा चिकित्सकों को गर्मी के दौरान आवश्यक दवाएं व ओआरएस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं।साथ ही बाहर की दवा न लिखने की सख्त हिदायत दी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त अजीत कुमार ने जननी सुरक्षा योजना रजिस्टर को चैक किया। जिसमें पाया कि प्रसव के 12 घण्टे बाद ही महिलाओं को डिस्चार्ज कर दिया गया जोकि नियम विरूद्ध है। जबकि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जन्म के बाद 48 घण्टे माँ व बच्चे के लिये बहुत जरूरी होते हैं। जिसके लिये जन्म के बाद 48 घण्टे तक मां व बच्चे को अस्पताल में ही रखने और उसके बाद डिस्चार्ज करने का नियम है। जच्चा बच्चा के स्वास्थ्य से लापरवाही बरतने के मामले में सम्बन्धित अधिकारियों का स्पष्टीकरण मांगा गया। तो वहीं उपस्थिति रजिस्टर में डॉ मानस माहेश्वरी के अनुपस्थित मिलने पर मंडलायुक्त ने स्पष्टीकरण के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

