भगवान महावीर जयंती पर निकाली गई भव्य शोभा यात्रा
प्रयागराज, 30 मार्च (हि.स)। भगवान महावीर जयंती के शुभ अवसर पर साेमवार काे जैन मंदिर से रथ शोभा यात्रा निकाली गई। रथ में वर्धमान के माता-पिता विराजमान थे। जिनकी आरती उतार कर यात्रा प्रारम्भ की गई। लोगों के हाथों में धार्मिक ध्वज पताका थे, ढोल ताशा पार्टी, डीजे, पंजाबी बैंड, अनेक झांकियां, ऐरावत हाथी, गाते बजाते नृत्य करते देव-देवियां तथा बग्घी में वर्धमान के माता-पिता लोगों को दर्शन दे रहे थे।
सड़क के दोनों ओर श्रद्धालु हाथ जोड़कर दर्शन कर रहे थे फूलो की वर्षा करके रथ यात्रा का स्वागत किया जा रहा था। महिलाएं और बच्चे पीले रंग का वस्त्र पहने हुए थे ऐसा लग रहा था जैसे सरसों का फूल लहरा रहे है। सभी जयकारे लगाकर थिरक रहे थे। भक्त भगवान महावीर के संदेशों को लोगों तक पहुंचा रहे थे, हमें युद्ध नहीं शांति चाहिए, जियो और जीने दो, गर्मी पड़ रही है पंछियों के लिए दाने और पानी अपने छत पर व्यवस्थित करें, जीव जंतुओं से प्रेम करें आदि संदेश दे रहे थे।
मीडिया प्रभारी अकरम शगुन ने बताया कि शोभा यात्रा जैन मंदिर से प्रारम्भ होकर बहादुरगंज, लोकनाथ, बजाज पट्टी, चौक घंटाघर, जॉनसेनगंज, एस सी वासु रोड जैन मंदिर पर पूर्ण हुई। शोभा यात्रा में दिनेश कुमार जैन, निर्मल जैन, राजेश जैन, अशोक जैन, आलोक जैन, मुनीन्द्र जैन, अमित जैन, राजू जैन, आकाश जैन, अर्पित जैन, विजय चौरसिया, अकरम शगुन व हजारों भक्त शोभा यात्रा में शामिल हुए।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि पुलिस प्रशासन की तरफ से ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। कोतवाली क्षेत्र के एसीपी रवि कुमार गुप्ता, कोतवाली इंचार्ज संजय राय, बहादुरगंज चौकी शाहगंज थाना के समस्त पुलिस के जवान सुबह से ही रथ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने में लगे हुए थे। पीस कमेटी के चांद मियां, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद डाबर, सिविल डिफेंस के अनु भैया, ताहिर अंसारी, राकेश मल्होत्रा, पूर्व पार्षद अनीस अहमद आदि पुलिस का सहयोग कर रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

