बैंक प्रतिनिधियों से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर जिलाधिकारी ने लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
बैंक प्रतिनिधियों से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर जिलाधिकारी ने लगाई फटकार


मुरादाबाद, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में वेंडरों ने डीएम के सामने अपनी समस्याएं रखीं। वहीं डीएम ने सभी बैंक प्रतिनिधियों से समीक्षा बैठक में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और फटकार भी लगाई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि 284 प्रकरण वेंडरों द्वारा विद्युत विभाग के पोर्टल पर अपलोड किए जाने के बाद विभागीय स्तर से अनुमोदन प्रदान नहीं किया गया, जिसके कारण पात्र लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ समय से प्राप्त नहीं हो पा रहा है।

वेंडर अमरीश शर्मा ने बताया कि एसबीआई व पीएनबी की कुछ शाखाओं में आवेदन पत्र स्वीकार करने में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। बिना पर्याप्त कारण आवेदन निरस्त करने की धमकी दी जा रही है।

सोलर वेंडर आशीष यादव ने बुद्धि विहार स्थित एसबीआई शाखा में आवेदन स्वीकार न किए जाने और वेंडर कोड निरस्त करने की धमकी दिए जाने की शिकायत की। वहीं वेंडर मुकुल गोयल ने आवेदन स्वीकार न किए जाने की जानकारी दी।

बैठक में बैंकवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न बैंकों में कुल 519 ऋण आवेदन लंबित हैं। डीएम ने सभी बैंक प्रतिनिधियों से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story