बुंदेलखंड राज्य हासिल कर लेंगे दम : गंगाचरण राजपूत

WhatsApp Channel Join Now
बुंदेलखंड राज्य हासिल कर लेंगे दम : गंगाचरण राजपूत


पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत बोले, बुंदेलखंड दो और वोट लो

हमीरपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर रविवार को एक बार फिर से पूर्व सांसद मैदान में उतर कर हुंकार भरी। राठ कस्बे के एक विवाह घर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने कहा कि उन्होने पृथक बुंदेलखंड राज्य के लिए आंदोलन छेड़ दिया है और इसे हासिल करके ही दम लेंगे।

उन्होंने उन सोशल मीडिया टिप्पणियों का खंडन किया जिनमें उन्हें भाजपा से बगावत करने वाला बताया जा रहा था। राजपूत ने स्पष्ट किया कि उन्होंने भाजपा या सरकार से कोई बगावत नहीं की है, बल्कि वे बुंदेलखंड राज्य निर्माण की एक जायज मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में वे सबसे वरिष्ठ नेता हैं और एक वरिष्ठ नागरिक होने के नाते यदि वे बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग नहीं करेंगे तो कौन करेगा। उन्होंने घोषणा की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग करेंगे। अपने बेटे बृजभूषण राजपूत के चरखारी विधानसभा सीट से टिकट कटने की बात पर उन्होंने कहा कि जब तक उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद है, तब तक उनके बेटे का टिकट काटने वाला कोई नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी करने वालों को जेल भेजने के कदम की सराहना करते हुए मांग की कि बुंदेलखंड के पानी की लूट करने वालों की भी जांच कराकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। पूर्व सांसद ने सभी लोगों से फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिदिन बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में एक पोस्ट करने की अपील की। उन्होंने इस दौरान बहुत सहा है अब नहीं सहेंगे, बुंदेलखंड लेकर रहेंगे और बुंदेलखंड दो और वोट लो जैसे नारे भी दिए। कार्यक्रम के दौरान अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story