बाल दिवस पर डीपीएस में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, ड्रोन उड़ाकर किया कौशल का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बाल दिवस पर डीपीएस में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, ड्रोन उड़ाकर किया कौशल का प्रदर्शन


फर्रुखाबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। बाल दिवस के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के आवास विकास और याकूतगंज परिसर में शनिवार को विविध शैक्षिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने ड्रोन उड़ाने के साथ विज्ञान और तकनीक से जुड़े हुनर दिखाकर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि उप जिलाधिकारी संजय सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक विजय कटियार, प्रबंधक कार्तिकेय कटियार और प्रधानाचार्य अनुभव लाल की उपस्थिति में दिनभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, वैज्ञानिक सोच और कलात्मक कौशल का परिचय देते हुए कई आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

मुख्य अतिथि गिरीश कुमार ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि आवास विकास के साथ याकूतगंज जैसे क्षेत्र में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि अन्य विद्यालयों को भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के प्रयास करने चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध होने से प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे और वे अपने जिले व विद्यालय का नाम रोशन कर सकेंगे।

विशिष्ट अतिथि एसडीएम संजय सिंह ने कहा कि फर्रुखाबाद में दिल्ली पब्लिक स्कूल की तीन शाखाओं के माध्यम से शिक्षा का बेहतर वातावरण तैयार किया गया है। इससे विभिन्न वर्गों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। अब अभिभावकों को अच्छी शिक्षा के लिए बच्चों को दूसरे शहरों में भेजने की आवश्यकता नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम के समापन पर प्रबंध निदेशक विजय कटियार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777240 Articles

Share this story