बाढ़ से निपटने को सरकार अलर्ट: जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ से निपटने को सरकार अलर्ट: जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह


बाराबंकी, 02 जुलाई (हि.स.)। मानसून के सक्रिय होने के साथ ही संभावित बाढ़ को लेकर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गुरुवार को रामनगर तहसील अंतर्गत सूरतगंज विकासखंड के तेवराइपुरवा गांव पहुंचे और बाढ़ संभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंधों, कटान संभावित स्थलों और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जल शक्ति मंत्री ने तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बाढ़ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। तटबंधों की नियमित निगरानी की जाए और जहां कहीं कटान, रिसाव अथवा क्षति की आशंका हो, वहां तत्काल मरम्मत एवं सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। नावों, राहत सामग्री, खाद्यान्न, पेयजल, आवश्यक दवाइयों, पशुओं के चारे तथा सुरक्षित आश्रय स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके। साथ ही बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए सिंचाई, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को असुविधा नहीं होने दी जाएगी और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य करेगा।

इस अवसर पर रामनगर के निवर्तमान विधायक शरद कुमार अवस्थी, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story