बागपत में चुनावी तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा, 8.48 लाख मतदाताओं के लिए 1,049 बूथ तैयार

WhatsApp Channel Join Now
बागपत में चुनावी तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा, 8.48 लाख मतदाताओं के लिए 1,049 बूथ तैयार


बागपत, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर बागपत प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने गुरुवार को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले की छपरौली, बड़ौत और बागपत विधानसभा सीटों पर कुल 8,48,126 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके लिए 510 मतदान केंद्रों पर 1,049 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पेयजल, बिजली, शौचालय, प्रकाश, साफ-सफाई और आवागमन की सुविधाओं के साथ दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था जांची जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव की घोषणा से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करना है।

16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-०6 भरकर नाम दर्ज करा सकेंगे। नाम हटाने के लिए फॉर्म-०7 और संशोधन के लिए फॉर्म-०8 की सुविधा उपलब्ध है।

28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

प्रशासन 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी 1,049 बूथों पर विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान बीएलओ मतदाताओं के नाम जांचने और नए आवेदन लेने के लिए मौजूद रहेंगे। स्वीप बागपत डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भी निर्वाचन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित स्वीप अभियान से अब तक करीब छह हजार मतदाता जुड़ चुके हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story