बरसात से पहले सीसामऊ नाला और सीएम ग्रिड परियोजना का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
बरसात से पहले सीसामऊ नाला और सीएम ग्रिड परियोजना का नगर आयुक्त ने लिया जायजा


कानपुर, 06 जून (हि.स.)। वर्षा ऋतु से पहले जलभराव की समस्या रोकने और नाला सफाई कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी तय समय में कार्य पूर्ण करें। यह निर्देश शनिवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सबंधित अधिकारियों को दिए।

नगर आयुक्त ने आज जोन-4 क्षेत्र में सीसामऊ नाले की सफाई व्यवस्था तथा सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाल इमली कॉलोनी के पास सीसामऊ नाले में चल रही सफाई का निरीक्षण किया। यहां बकरमंडी और ब्रह्मनगर नालों के संगम स्थल पर झाड़ियां और जमा सूखी सिल्ट मिलने पर उन्होंने तत्काल सफाई कराने तथा बरसात तक निकास बिंदु को नियमित रूप से साफ रखने के निर्देश दिए।

ग्वालटोली स्थित साईं मंदिर के पास नाले का निरीक्षण करने पर मशीनों से सफाई कार्य चलता मिला, लेकिन नाले की तली की सफाई और अंदर पड़े अपशिष्ट पूरी तरह नहीं हटाए गए थे। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जोनल अभियंता को चेतावनी देने के निर्देश दिए और दोबारा तलीझार सफाई कराने को कहा।

भैरवघाट स्थित सीसामऊ टैपिंग प्वाइंट के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बरसात के समय गेट खुलने पर अतिरिक्त पानी सीधे गंगा में छोड़ा जाता है। नगर आयुक्त ने टैपिंग प्वाइंट के प्रस्तावित पुनर्रचना कार्य की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के बाद काम तत्काल शुरू कराया जा सके।

इसके बाद उन्होंने ग्रीन पार्क चौराहे से परेड और घंटाघर तक सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि स्टॉर्म वाटर लाइन, सीवर लाइन, टेलीकॉम डक्ट, एचडीपीई पाइप और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य तेजी से चल रहे हैं। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजना में तेजी लाने, जल निगम के कार्यों में आ रही देरी दूर करने, फुटपाथ की चौड़ाई की समीक्षा करने तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात सुधार के लिए फ्री लेफ्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जोनल अभियंता, जलकल विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story