प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में मन का स्वस्थ होना ज्यादा जरूरी : सतीश राय
प्रयागराज, 14 जून (हि.स.)। अगर मन बीमार है तो सबसे फिट शरीर भी बोझ लगने लगता है। यह कहना है रेकी ग्रैण्ड मास्टर एवं स्पर्श चिकित्सक सतीश राय का। विश्व योग दिवस से एक सप्ताह पूर्व आयोजित मन, शरीर और ऊर्जा विषयक संगोष्ठी में उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य से ऊपर बताया।
रविवार को एसकेआर योग एवं रेकी शोध प्रशिक्षण और प्राकृतिक संस्थान में हुई संगोष्ठी में दूर-दूर से आए लोगों ने हिस्सा लिया।
नौकरी का प्रेशर भी मानसिक बीमारी का एक कारण
जाने-माने स्पर्श चिकित्सक सतीश राय ने संगोष्ठी में कहा कि आज 80 प्रतिशत लोग बीपी, शुगर, अनिद्रा के मरीज हैं। पर असली बीमारी शरीर में नहीं, मन में है। उमस, तनाव, नौकरी का प्रेशर ये सब पहले मन को बीमार करते हैं, फिर शरीर टूटता है। 100 में से 90 मरीज की रिपोर्ट नॉर्मल होती है, पर वो कहते हैं 'कुछ अच्छा नहीं लगता' सब कुछ नीरस सा लगता है। इसका मतलब मन का इलाज सबसे पहले जरूरी है।
भारत का हर सातवां व्यक्ति मानसिक तनाव में
सतीश राय ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की 2025 की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में हर 7 में से 1 व्यक्ति मानसिक तनाव से जूझ रहा है। उमस, गर्मी और बदलती जीवनशैली से एंग्जायटी केस 40 प्रतिशत बढ़े हैं। शारीरिक बीमारियों का 60 प्रतिशत कारण सीधे तौर पर मानसिक तनाव है।
स्पर्श ध्यान से कैसे मिलेगी मदद
श्री राय ने बताया कि स्पर्श ध्यान मन को ठंडा करने की सबसे सरल विधि है। उमस में जब पंखा-कूलर भी फेल हो जाएं, तब अपनी हथेली का स्पर्श ही सबसे बड़ा एसी बन जाता है। माथे, छाती और नाभि पर 2 मिनट हाथ रखने से ही कोर्टिसोल यानी तनाव का हार्मोन 30 प्रतिशत तक कम हो जाता है।
पश्चिमी सभ्यता से प्रभावित होकर जाते हैं जिम
सतीश राय ने कहा आज के युवा पश्चिमी सभ्यता से प्रभावित होकर जिम जाकर बॉडी तो बना लेते हैं, पर रात में नींद के लिए दवा चाहिए। सोशल मीडिया पर लाइक्स के लिए दौड़ते हैं, पर अंदर से खाली हैं। शरीर की फिटनेस दिखती है, मन की फिटनेस जिंदगी चलाती है। मन का फिटनेस होना सेहत के लिए ज्यादा जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के नंबर से ज्यादा उनकी हंसी पर ध्यान देने की अपील की।
सतीश राय ने बताया कि संस्थान 21 जून से मन से स्वस्थ, तन से मस्त नाम से निःशुल्क स्पर्श ध्यान शिविर शुरू कर रहा है। इसमें उमस, तनाव और अनिद्रा के लिए विशेष स्पर्श चिकित्सा सिखाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

