पेयजल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन 31 गांवों में टैंकरों से कर रहा आपूर्ति

WhatsApp Channel Join Now
पेयजल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन 31 गांवों में टैंकरों से कर रहा आपूर्ति


15 दिनों में 31 गांवों तक पहुंचाया गया 19.20 लाख लीटर पेयजल

हमीरपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में ग्रीष्म ऋतु के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न पेयजल संकट के प्रभावी समाधान के लिए जिला प्रशासन निरंतर सक्रिय रहा। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में जिला पंचायत राज विभाग द्वारा पेयजल संकटग्रस्त गांवों की नियमित निगरानी करते हुए शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया।

जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी ने बताया कि पिछले लगभग 15 दिनों में 30 टैंकरों के माध्यम से जनपद के 31 गांवों में कुल 19 लाख 20 हजार लीटर पेयजल की आपूर्ति की गई। इससे उन ग्रामीण क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाई गई, जहां जलस्रोत सूखने अथवा पेयजल की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस अवधि में विकास खंड सुमेरपुर के टेढ़ा, पंवरी, इंगोहटा, छानी खुर्द, छानी बुजुर्ग, धनपुरा एवं मवईजार, विकास खंड मौदहा के गुड़ा, रीवन, गुरसराय, खण्डेह, करहिया, फत्तेपुरवा, सिजवाही, सायर, असरटा, भरसवां, टिकरी बुजुर्ग, गुरदहा एवं नरायच, विकास खंड गोहाण्ड के जखेड़ी एवं औता, विकास खंड राठ के नौहाई, ओडेरा, पहाड़ीगढ़ी एवं टोलारावत, विकास खंड कुरारा के लहरा, विकास खंड मुस्करा के गहरौली एवं बाघुर खुर्द तथा विकास खंड सरीला के पहरा सहित कुल 31 ग्राम पंचायतों में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन ने तत्काल टैंकर भेजकर जलापूर्ति सुनिश्चित की।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने गुरुवार काे बताया कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा किसी भी गांव से पेयजल संकट की सूचना प्राप्त होने पर बिना विलंब टैंकर भेजकर समस्या का समाधान कराया जा रहा है। आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की समस्या न रहने पाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेयजल संकट वाले क्षेत्रों पर सतत निगरानी बनाए रखें तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन आमजन को निर्बाध एवं समयबद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पिछले 15 दिनों में 30 टैंकरों के माध्यम से 31 गांवों में 19.20 लाख लीटर पेयजल की आपूर्ति कर जिला प्रशासन ने ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट से प्रभावित ग्रामीणों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई है। जन सामान्य को अवगत कराया जाता है कि ग्रीष्मकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जनपद स्तर पर 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना के लिए सहायक अभियंता अनुराग कुमार (मो. 9899976171) तथा जूनियर इंजीनियर अलकेश कुमार (मो. 8563066051) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। आमजन इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story