पुलिस भर्ती परीक्षा के परिक्षार्थियों के लिए मुरादाबाद रेल मंडल में विशेष प्रबंध

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस भर्ती परीक्षा के परिक्षार्थियों के लिए मुरादाबाद रेल मंडल में विशेष प्रबंध


मुरादाबाद, 08 जून (हि.स.)। उत्तर रेलवे, मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि कांस्टेबल भर्ती परीक्षा काे लेकर सोमवार को मुरादाबाद से सीतापुर, रामपुर, बरेली एवं शाहजहांपुर स्टेशन पर ठहराव के साथ विशेष गाड़ी संख्या 04302 का सफलतापूर्वक संचालन किया गया, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को लाभ प्राप्त हुआ।

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8 जून से 10 जून आयोजित होने के दृष्टिगत उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा अभ्यर्थियों के सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन हेतु व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट बुकिंग काउंटर संचालित किए गए तथा अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई। अभ्यर्थियों एवं यात्रियों को रेलगाड़ियों के संचालन, प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए।

परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए मुरादाबाद एवं बरेली स्टेशन पर अतिरिक्त रैक की व्यवस्था की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा सके। इसी क्रम में आज मुरादाबाद से सीतापुर सिटी के लिए रामपुर, बरेली एवं शाहजहांपुर स्टेशन पर ठहराव के साथ विशेष गाड़ी संख्या 04302 का सफलतापूर्वक संचालन किया गया, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को लाभ प्राप्त हुआ। मंडल अधिकारियों द्वारा समय-समय पर स्टेशनों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टिकट बुकिंग व्यवस्था, हेल्प डेस्क, यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी प्रबंधों का जायजा लिया गया तथा अभ्यर्थियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अभ्यर्थियों एवं यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए मंडल के स्टेशनों एवं गाड़ियों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष बल दिया गया। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पेयजल स्थलों एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की गई तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई। ट्रेनों में भी स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए यात्रियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story