पुलिसकर्मी सुरक्षा के साथ सामाजिक बदलाव के भी वाहक बनें : आनंदीबेन पटेल

WhatsApp Channel Join Now
पुलिसकर्मी सुरक्षा के साथ सामाजिक बदलाव के भी वाहक बनें : आनंदीबेन पटेल


कानपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के साथ नशामुक्ति, शिक्षा, स्वच्छता और बच्चों में अनुशासन के लिए काम करना चाहिए। परिवार से दूर रहकर समाज और राष्ट्रहित में कर्तव्य निभाने वालों के योगदान का सम्मान उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता से भी झलकना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में टाइम्स सम्मान समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहीं।

समारोह में राज्यपाल ने 15 श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के कार्यक्रम में उन्होंने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना की। कहा कि उनकी सतर्कता से समाज सुरक्षित रहता है।

राज्यपाल ने कहा कि त्योहारों पर भी पुलिसकर्मी परिवार से दूर रहकर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। उनका सम्मान केवल प्रशस्ति-पत्र तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके परिवारों की जरूरतों का ध्यान रखना भी जरूरी है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। नशे का प्रभाव व्यक्ति के साथ परिवार और समाज पर भी पड़ता है। पुलिसकर्मी विद्यालयों और युवाओं के बीच जागरूकता फैलाकर योगदान दे सकते हैं।

राज्यपाल ने गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए पुलिस बल में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का उल्लेख किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए बेहतर आवास और अधीनस्थ कर्मचारियों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहने पर जोर दिया।

गुजरात के स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रशिक्षण दिया गया। इससे बच्चों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाने और सामाजिक गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की।

समारोह में अपर पुलिस उपायुक्त स्नेहा तिवारी, पंकज कुमार, इंस्पेक्टर अभय प्रताप सिंह, अल्पी सिंह, उपनिरीक्षक प्रभात मिश्रा, विनीत कुमार, मंगल सिंह, सुमन सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, सिद्धांत सेठ और सिद्धनाथ सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने आयोजन को मनोबल बढ़ाने वाला बताया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पाण्डियन, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, विपिन टाडा और कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story