पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा : मोहनजीत सिंह गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा : मोहनजीत सिंह गंभीर


कानपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। पार्टी हाईकमान ने जिस तरह मुझ पर विश्वास जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मैं पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगा। पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी धर्मों को साथ लेकर काम करूंगा और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाने के लिए पार्टी हित में पूरी सक्रियता से कार्य करूंगा। यह बातें रविवार को सपा अल्पसंख्यक सभा के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव मोहनजीत सिंह गंभीर ने स्वागत समारोह में कहीं।

समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी ने मोहनजीत सिंह गंभीर को प्रदेश महासचिव मनोनीत किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आज नवीन मार्केट स्थित सपा कार्यालय में उनका स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-माला और अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

स्वागत समारोह में मोहनजीत सिंह गंभीर ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों और धर्मों के लोगों को साथ लेकर काम किया जाएगा।

सपा महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि मोहनजीत सिंह गंभीर लंबे समय से संगठन के लिए मेहनत और सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं।

उन्हें प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलना उनके कार्य और संगठन के प्रति लगन का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गंभीर पार्टी की नीतियों और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को और मजबूत करने का काम करेंगे।

मोहनजीत सिंह गंभीर के प्रदेश महासचिव बनाए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, महिला सभा अध्यक्ष सुलेखा यादव, आसिफ कादरी, अकील अहमद, प्रदेश सचिव केके शुक्ला, परमवीर सिंह गंभीर, सतबीर सिंह कबीर, जसबीर सिंह, रोकी भाटिया, जसवंत सिंह, दलवीदर सिंह और जयदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story