परास्नातक के द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित

WhatsApp Channel Join Now
परास्नातक के द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित


मुरादबाद, 24 जुलाई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो गिरीश दूबे ने बताया कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा प्रशासन में एक बार पुनः कीर्तिमान स्थापित करते हुए शुक्रवार रात्रि में अपने सभी सात परिसर परास्नातक (पी.जी.) कार्यक्रमों का द्वितीय सेमेस्टर परीक्षाफल अन्तिम परीक्षा के मात्र एक दिन के भीतर घोषित कर दिया है। द्वितीय सेमेस्टर की अन्तिम परीक्षा (रसायन विज्ञान) 23 जुलाई को सम्पन्न हुई तथा शुक्रवार को सम्पूर्ण परीक्षाफल घोषित कर दिया गया। परीक्षा में विद्यार्थियों ने अत्यन्त उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। रसायन विज्ञान की छात्रा छवि द्विवेदी 9.8 एसजीपीए अर्जित कर अब तक की समग्र टॉपर रही हैं। कुल 97.2 प्रतिशत विद्यार्थी द्वितीय वर्ष में प्रोन्नत हुए हैं, जो विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित कक्षाओं एवं सतत मूल्यांकन प्रणाली का प्रतिफल है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने समस्त विद्यार्थियों, विशेष रूप से टॉपर छवि द्विवेदी, को बधाई देते हुए कहा कि परीक्षा के अगले ही दिन परिणाम घोषित करना विद्यार्थियों के प्रति विश्वविद्यालय की जवाबदेही एवं पारदर्शिता का प्रमाण है। हमारे विद्यार्थियों की मेधा और उद्योग जगत का उनके प्रति बढ़ता विश्वास विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने समस्त शिक्षकों को समयबद्ध, त्रुटिरहित परीक्षाफल के लिए साधुवाद दिया।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story